- बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 466 हो गई, पांच दिन में 176 नए संक्रमित
- दस जिले कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित, संक्रमितों की संख्या 380
पटना. कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन फेज-2 का आज 18वां दिन है। जयपुर से 1200 प्रवासियों को लेकर चली स्पेशल ट्रेन आज दोपहर 12:45 बजे पटना के दानापुर स्टेशन पर पहुंचेगी। ट्रेन जयपुर से शुक्रवार रात 10 बजे चली थी। कोटा से भी छात्रों को लाने के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी, लेकिन अभी इसकी तारीख तय नहीं हुई है। यहां बिहार के 8000 से अधिक छात्र हैं।
स्पेशल ट्रेन से आ रहे प्रवासियों को 21 दिन तक क्वारैंटाइन में रहना होगा। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर पूरे राज्य में क्वारैंटाइन सेंटर बनाए गए हैं। सरकार ट्रेन से आने वाले प्रवासियों को बस से उनके ब्लॉक के क्वारैंटाइन सेंटर तक पहुंचाएगी।
स्टेशन के बाहर होगी स्क्रीनिंग
दानापुर स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती है। प्रवासियों को लेकर स्पेशल ट्रेन प्लेटफॉर्म नं. पांच पर पहुंचेगी। यहां से सभी यात्रियों को स्टेशन से बाहर लाया जाएगा। स्टेशन के पास यात्रियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद सभी को बस से उनके ब्लॉक तक पहुंचाया जाएगा। यात्रियों को ले जाने के लिए 100 से अधिक बसें स्टेशन के पास खड़ी हैं।
दस जिले में 380 मरीज
बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 466 हो गई है। पांच दिन में 176 नए संक्रमित मिले हैं। मधुबनी, रोहतास और बक्सर में कोरोना तेजी से फैला है। यहां शुक्रवार को 31 मरीज मिले। दस जिले कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं यहां संक्रमितों की संख्या 380 है।
कटिहार कोरोना प्रभावित 30वां जिला बन गया है। यहां दो संक्रमित मिले हैं। रोहतास में संक्रमितों की संख्या 52 हो गई है। यह मुंगेर (95 संक्रमित) के बाद सबसे अधिक है। बक्सर में 11 नए मरीज मिले हैं, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 51 हो गई है। कैमूर में 6 नए मरीज मिले है, जिससे यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 24 हो गई है। मधुबनी नया हॉट स्पॉट बना है। शुक्रवार को यहां 13 नए मरीज मिले। जिले में कोरोना के मरीज की संख्या 18 है। कोरोना के 98 मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं, अब तक तीन मरीज की मौत हुई है।
कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित 10 जिले
जिला | संक्रमित |
मुंगेर | 95 |
रोहतास | 52 |
बक्सर | 51 |
पटना | 44 |
नालंदा | 36 |
सीवान | 30 |
कैमूर | 24 |
गोपालगंज | 18 |
मधुबनी | 18 |
भोजपुर | 12 |
