बिहारशरीफ. कोरोना महामारी में जीविका के योगदान की प्रशंसा करते हुए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा कि जीविका दीदियां एक सजग योद्धा की तरह उभर कर सामने आयी हैं। लॉकडाउन से प्रभावित लोगों की मदद के लिए महिलाओं में एक गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। इनके उत्साह से ऐसा प्रतीत होता है कि मानों उन्होंने इस बीमारी का जड़ से खात्मा करने का ठान लिया है। सेवा व समर्पण की मिसाल बनीं यह महिलाएं अनाज वितरण से लेकर मास्क निर्माण तक में अपना अहम योगदान दे रही हैं।
जानकारी के मुताबिक जीविका से जुडी सिर्फ नालंदा की महिलाएं ही अभी तक 1 लाख से अधिक फेस कवरों का निर्माण कर चुकी हैं। पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल द्वारा फेस कवर का निर्माण व वितरण के संबंध में सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से किये गये आह्वान के बाद जीविका कर्मियों से फेस कवर का निर्माण कराने का आग्रह किया।
आग्रह के कुछ ही दिनों के भीतर ही जीविका के जिला पदाधिकारी उमा ने उनके आवास पर 2000 फेस कवर की पहली खेप पहुंचा दी। जिस तेजी व कुशलता से उन्होंने इन फेस कवर का निर्माण किया है वह काबिले तारीफ है। समाज के प्रति किसी संस्था के समर्पण का इससे बड़ा उदाहरण क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि पत्नी मंजू प्रसाद, पुत्र रूहैल रंजन, पुत्रवधू अपर्णा राठी व पौत्री रियाना ने फेस कवरों का वितरण शुरू कर दिया है।
